समग्र शिक्षा में सेवा प्रदाता के कार्मिकों के मानदेय में 25 प्रतिशत की हुई वृद्धि, मुख्य सचिव की अध्यक्षता में समग्र शिक्षा कार्यकारी समिति की बैठक
लखनऊ। प्रदेश में समग्र शिक्षा के तहत जिला परियोजना कार्यालयों में सेवा प्रदाता के माध्यम से कार्यरत कार्मिकों के मानदेय में 25 प्रतिशत वृद्धि को हरी झंडी मिल गई है। इनके मानदेय में साल 2020 से वृद्धि नहीं हुई थी। फैसले से करीब 500 कंप्यूटर ऑपरेटर, लेखाकार, अकाउंटेंट आदि के मानदेय में तीन से पांच हजार रुपये तक की वृद्धि होगी। यह अनुमोदन मुख्य सचिव एसपी गोयल की अध्यक्षता में समग्र शिक्षा कार्यकारी समिति की बैठक में हुआ।
बैठक में प्रदेश के राजकीय विद्यालयों में शिक्षा गुणवत्ता में सुधार, उपलब्ध संसाधनों के प्रभावी प्रयोग, छात्रों के सर्वांगीण विकास तथा समग्र शिक्षा के अंतर्गत स्वीकृत कार्ययोजना व बजट के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा की गई।
मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि अभिभावकों को प्रेरित करें कि वे बच्चों को निर्धारित यूनिफॉर्म में ही विद्यालय भेजें। उन्होंने विद्यालयों में स्थापित स्मार्ट क्लास व आईसीटी लैब का नियमित अनुश्रवण करते हुए उनका प्रभावी प्रयोग करने के निर्देश दिए।
उन्होंने विद्यालयों में पढ़ाई के साथ खेलकूद व अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों पर ध्यान देने का निर्देश दिया। बैठक में साल 2026-27 के लिए समग्र शिक्षा में पीएबी द्वारा 11,902.85 करोड़ का बजट अनुमोदित किया गया है।
No comments:
Write comments