यूपी बोर्ड के विद्यार्थियों की APAAR ID बनाने पर जोर, माध्यमिक शिक्षा परिषद ने जारी की विज्ञप्ति
प्रयागराज। माध्यमिक शिक्षा परिषद, उत्तर प्रदेश ने कक्षा 9 एवं 11 के विद्यार्थियों के अग्रिम पंजीकरण तथा कक्षा 10 एवं 12 के परीक्षा आवेदन की प्रक्रिया के बीच विद्यार्थियों की APAAR ID (वन नेशन, वन स्टूडेंट आईडी) बनाने को लेकर विद्यालयों को निर्देश जारी किए हैं।
परिषद ने कहा है कि APAAR ID विद्यार्थियों की 12 अंकों की स्थायी डिजिटल पहचान है, जिसमें उनकी पूरी शैक्षणिक यात्रा के क्रेडिट और रिपोर्ट कार्ड एक स्थान पर सुरक्षित रहेंगे। इसके माध्यम से विद्यार्थियों के मार्कशीट, ट्रांसफर सर्टिफिकेट आदि प्रमाणपत्र डिजिलॉकर पर डिजिटल रूप से सुरक्षित रखने तथा छात्रवृत्ति, कल्याणकारी योजनाओं और शैक्षणिक सुविधाओं का लाभ सुगमता से उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
विज्ञप्ति के अनुसार पंजीकरण एवं परीक्षा आवेदन पत्र भरते समय APAAR ID का विवरण देना अनिवार्य नहीं है, लेकिन विद्यार्थियों के व्यापक हित और उनके डिजिटल शैक्षणिक भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए परिषद ने सभी विद्यालय प्रधानाचार्यों, शिक्षकों और अभिभावकों से विशेष अनुरोध किया है कि अभिभावक की सहमति से विद्यार्थियों की APAAR ID बनवाकर आगामी पंजीकरण एवं परीक्षा फॉर्म में उसका विवरण दर्ज कराएं।
परिषद ने स्पष्ट किया है कि APAAR ID बनवाने की प्रक्रिया सरल और सुरक्षित है तथा यह अभिभावक की सहमति से पूरी की जाती है। प्रधानाचार्यों से आग्रह किया गया है कि अंतिम पंजीकरण तिथि से पूर्व अधिकतम विद्यार्थियों की APAAR ID बनवाते हुए उन्हें डिजिटल रूप से सशक्त एवं उनके शैक्षणिक भविष्य को सुरक्षित बनाने में सहयोग करें।
यह विज्ञप्ति माध्यमिक शिक्षा परिषद, उत्तर प्रदेश की सचिव भगवती सिंह द्वारा 27 अगस्त 2026 को जारी की गई है।
No comments:
Write comments