यूपी बोर्ड हाईस्कूल और इंटर की परीक्षा को लेकर सख्ती, बोर्ड सचिव ने सभी डीआईओएस को निगरानी के दिए निर्देश, कॉपी से निकले नोट तो छात्र संग कक्ष निरीक्षक पर होगी कार्रवाई
मूल्यांकन के दौरान हर साल उत्तरपुस्तिकाओं से निकलता है नोट
अबकी बार ऐसा होने पर कक्ष निरीक्षक की लापरवाही मानी जाएगी
प्रयागराज । 18 फरवरी से शुरू हो रही यूपी बोर्ड की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट 2026 की परीक्षा में यदि उत्तरपुस्तिका में नोट निकलता है तो संबंधित छात्र के साथ ही कक्ष निरीक्षक पर भी कार्रवाई की जाएगी। बोर्ड सचिव भगवती सिंह ने इस संबंध में जिला विद्यालय निरीक्षकों को सख्त निर्देश दिए हैं। सचिव ने साफ किया है कि यदि किसी परीक्षार्थी की उत्तर पुस्तिका में मुद्रा (धनराशि) प्राप्त होगी तो इसे अनुचित साधन सामग्री माना जाएगा और मूल्यांकन के समय इसी आधार पर कार्रवाई की जाएगी। इस प्रकार के मामलों को ड्यूटी के समय लापरवाही मानते हुए कक्ष निरीक्षक के खिलाफ भी विभागीय नियमों के अंतर्गत कठोर कार्रवाई की जाएगी।
12 फरवरी को सभी डीआईओएस को भेजे पत्र में सचिव ने लिखा है कि बोर्ड परीक्षा की निष्पक्षता और गरिमा को बनाए रखने के लिए यह आवश्यक है कि उत्तरपुस्तिकाओं के संकलन और मूल्यांकन की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और मानक के अनुरूप हो। पूर्व के वर्षों में देखा गया है कि कुछ परीक्षार्थी अनजाने में या भ्रामक धारणाओं (अधिक नंबर के लालच में) में फंसकर उत्तर-पुस्तिकाओं के अंदर मुद्रा (धनराशि) नत्थी कर देते हैं। यह परीक्षा के अनुशासन के विरुद्ध है।
परीक्षा से पहले ही छात्रों को चेताना होगा
सचिव ने परीक्षा केंद्रों के केंद्र व्यवस्थापकों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं कि परीक्षा कक्ष में परीक्षार्थियों को पूर्व में ही सूचित किया जाए कि उत्तर-पुस्तिका के अंदर किसी भी प्रकार की अवांछित सामग्री या मुद्रा रखना अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है। कक्ष निरीक्षकों को भी निर्देशित किया जाए कि वे इस पर सतर्क नजर रखें। यदि संकलन या मूल्यांकन के दौरान किसी उत्तर-पुस्तिका में नोट मिलते हैं, तो उसे तत्काल नियमानुसार राजकोष में जमा कराया जाए। ऐसी घटनाओं की सूचना तत्काल डीआईओएस को दी जाए ताकि उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम, 2024 के तहत संबंधित के विरुद्ध उत्तरदायित्व निर्धारित करते हुए आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा सके। सभी केंद्र व्यवस्थापक और शिक्षक यह सुनिश्चित करें कि परीक्षा का वातावरण भयमुक्त हो।
उत्तर पुस्तिकाओं में रुपये मिले तो नकल मानकर होगी सख्त कार्रवाई, यूपी बोर्ड ने कक्ष निरीक्षकों को लेकर भी जारी किए कड़े निर्देश
प्रयागराज। वर्ष 2026 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षाओं की शुचिता बनाए रखने के लिए माध्यमिक शिक्षा परिषद, उत्तर प्रदेश ने कड़े निर्देश जारी किए हैं। परिषद के सचिव भगवती सिंह की ओर से 12 फरवरी 2026 को जारी पत्र में सभी जिला विद्यालय निरीक्षकों और परीक्षा केंद्रों को परीक्षा प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी एवं मानक अनुरूप सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
पत्र में स्पष्ट किया गया है कि 18 फरवरी 2026 से प्रारंभ होकर 12 मार्च 2026 तक आयोजित होने वाली बोर्ड परीक्षाओं की गरिमा और निष्पक्षता बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। पूर्व के अनुभवों के आधार पर यह संज्ञान में आया है कि कुछ परीक्षार्थी उत्तर पुस्तिकाओं के भीतर मुद्रा (धनराशि) रख देते हैं, जो न केवल परीक्षा अनुशासन के विरुद्ध है बल्कि मूल्यांकन प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास भी माना जाएगा।
परिषद ने निर्देशित किया है कि परीक्षा केंद्रों के केंद्र व्यवस्थापक एवं शिक्षक यह सुनिश्चित करें कि परीक्षा कक्ष में परीक्षार्थियों को पूर्व में ही सूचित कर दिया जाए कि उत्तर पुस्तिका के भीतर किसी भी प्रकार की अवांछित सामग्री या धनराशि रखना अनुचित साधन की श्रेणी में आएगा। कक्ष निरीक्षकों को भी इस संबंध में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि यदि संकलन या मूल्यांकन के दौरान किसी उत्तर पुस्तिका में धनराशि प्राप्त होती है तो उसे तत्काल नियमानुसार राजकोष में जमा कराया जाए और घटना की सूचना संबंधित जिला विद्यालय निरीक्षक को दी जाए। ऐसे मामलों में परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम, 2024 की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत संबंधित के विरुद्ध उत्तरदायित्व निर्धारित करते हुए आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
पत्र में यह भी चेतावनी दी गई है कि यदि इस प्रकार की घटना लापरवाही के कारण होती पाई गई तो संबंधित कक्ष निरीक्षक के विरुद्ध भी विभागीय नियमों के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी। परिषद ने सभी संबंधित अधिकारियों से निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने को कहा है, ताकि बोर्ड परीक्षाओं की विश्वसनीयता और मूल्यांकन की निष्पक्षता बनी रहे।
No comments:
Write comments