देशभर में 57 नए केंद्रीय विद्यालय खुलेंगे, 86000 छात्रों को होगा लाभ
पीएम की अध्यक्षता वाली कैबिनेट ने दी मंजूरी, 5862 करोड़ रुपये आएगी लागत
नई दिल्ली। देश में 57 नए केंद्रीय विद्यालय खोले जाएंगे। इससे 86,000 विद्यार्थियों को लाभ होगा। पहली बार इन 57 केंद्रीय विद्यालयों को बाल वाटिका यानी प्री-प्राइमरी के 3 वर्षों के साथ मंजूरी दी गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को आर्थिक मामलों की कैबिनेट समिति (सीसीईए) की बैठक में सिविल क्षेत्र में केंद्रीय विद्यालय खोलने को मंजूरी दी गई।
सूचना व प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्ण ने कैबिनेट के फैसलों की जानकारी दी। केंद्रीय विद्यालय 2025-26 से नौ वर्षों की अवधि में चरणबद्ध तरीके से खोले जाएंगे। इनकी स्थापना पर 5,862.55 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत आएगी। इसमें 2,585.52 करोड़ रुपये का पूंजीगत व्यय और 3,277.03 करोड़ रुपये का परिचालन व्यय शामिल है। इनमें से 7 विद्यालय गृह मंत्रालय की ओर से और 50 विद्यालय राज्य और केंद्रशासित प्रदेशों की ओर से प्रायोजित योजनाओं के तहत खोले जाएंगे। इसमें 17 राज्य और केंद्र शासित प्रदेश शामिल होंगे। 20 विद्यालय उन जिलों में खोले जाएंगे जहां केंद्रीय विद्यालय नहीं है व केंद्रीय कर्मचारियों की संख्या अधिक है।
अब तक 1,288 केंद्रीय विद्यालय खोले गए हैं जिनमें से 3 विदेश में रूस मॉस्को, काठमांडो और तेहरान में हैं। इस साल 30 जून तक केंद्रीय विद्यालय में कुल लगभग 13.62 लाख विद्यार्थी थे। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुसार, 913 केंद्रीय विद्यालयों को पीएम श्री विद्यालय के रूप में नामित किया गया है। शिक्षा की गुणवत्ता, नवीन शिक्षण और अत्याधुनिक बुनियादी ढांचे के कारण केंद्रीय विद्यालय सबसे अधिक मांग वाले विद्यालयों में से हैं।
No comments:
Write comments