विषय और जेंडर कोड संबंधी त्रुटियों को सुधारने के निर्देश, यूपी बोर्ड ने सभी डीआईओएस को जारी किए निर्देश
साक्ष्यों के आधार पर संशोधन कर परीक्षार्थियों को परीक्षा में किया जाए शामिल
प्रयागराज । माध्यमिक शिक्षा परिषद की 18 फरवरी से शुरू हो रही हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा में शामिल होने वाले - परीक्षार्थियों के विषय और जेंडर कोड संबंधी त्रुटियों में सुधार के लिए परिषद ने एक और अवसर दिया है। परिषद के सचिव भगवती सिंह ने प्रदेश के सभी जिला विद्यालय निरीक्षकों (डीआईओएस) को निर्देश जारी किए हैं। कहा कि छात्र हित को ध्यान में रखते हुए उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जेंडर कोड में संशोधन एवं प्रश्नपत्रों की उपलब्धता को ध्यान में रखते हुए परीक्षार्थियों के विषय भी संशोधित कर उन्हें परीक्षा में सम्मिलित किया जाए।
परिषद ने स्पष्ट किया है कि सभी संशोधनों को हर हाल में पूर्ण कर क्षेत्रीय कार्यालय के अपर सचिवों से 20 मार्च तक प्राप्त कर लिया जाए। ऐसा न होने पर त्रुटिपूर्ण डाटा फीडिंग के लिए संबंधित विद्यालयों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
हालांकि, इससे पहले भी परिषद की वेबसाइट पर प्रधानाचार्यों द्वारा अपलोड किए गए शैक्षिक विवरणों में त्रुटियों को दूर करने के लिए ऑनलाइन संशोधन के अवसर दिए जा चुके हैं। इसके बाद भी जो त्रुटियां शेष रह गई हैं, उनमें संशोधन के लिए प्रधानाचार्य के माध्यम से ऑफलाइन आवेदन लेकर क्षेत्रीय कार्यालय की संस्तुति पर संशोधन की सुविधा प्रदान की गई है।
No comments:
Write comments