स्कूली शिक्षकों के लिए हर साल 50 घंटे का प्रशिक्षण होगा अनिवार्य, प्रशिक्षण न लेने पर राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार पदोन्नति व वेतनवृद्धि से रहेंगे वंचित
शिक्षकों की पेशेवर क्षमता को बेहतर बनाने के लिए शिक्षा मंत्रालय का अभियान
नई दिल्लीः स्कूली शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाने के लिए छिड़े अभियान के तहत स्कूलों में पढ़ाने वाले शिक्षकों को अब अपनी दक्षता को बढ़ाने के लिए हर साल अनिवार्य रूप से 50 घंटे का प्रशिक्षण लेना होगा। ऐसा न करने पर उन्हें वेतनवृद्धि, पदोन्नति व राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार का लाभ नहीं मिलेगा।
शिक्षा मंत्रालय ने केंद्रीय व नवोदय विद्यालयों में इस पर अमल शुरू के साथ ही राज्यों को भी सख्ती से अमल कराने के लिए कहा है। इसके बाद उत्तर प्रदेश, हरियाणा, त्रिपुरा व बिहार जैसे राज्यों में शिक्षक प्रशिक्षण का अभियान तेज हुआ है। इसके दायरे सरकारी व निजी स्कूल दोनों के शिक्षक रहेंगे। शिक्षा मंत्रालय ने यह पहल नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) के तहत स्कूलों के लिए आ चुकी या फिर आने वाली नई पाठ्यपुस्तकों व पढ़ाने सिखाने के सुझाए गए नए-नए तरीकों को ध्यान में रखकर शुरू की है। वैसे भी स्कूली शिक्षा की गुणवत्ता के लिए पहले से ही शिक्षकों को नियमित प्रशिक्षण देने के सुझाव दिए गए थे।
देश भर में स्कूली शिक्षकों को यह प्रशिक्षण राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान व प्रशिक्षण परिषद (एनसीईआरटी) व राज्य शैक्षिक अनुसंधान व प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) के जरिए दिया जा रहा है। इसके लिए दीक्षा नाम का एक पोर्टल भी विकसित किया गया है। जिसके जरिए इसकी निगरानी भी की जा रही है। साथ ही किस राज्य के कितने शिक्षकों ने प्रशिक्षण लिया है, इसकी जानकारी हर हफ्ते राज्यों के साथ साझा की जाएगी।
निजी स्कूलों को भी सख्ती से इस व्यवस्था को अपनाना होगा और अपने शिक्षकों को प्रशिक्षण दिलाना होगा। यदि ऐसा नहीं करेंगे तो उनकी मान्यता पर संकट खड़ा हो सकता है। गौरतलब है कि शिक्षा मंत्रालय ने हाल ही में देश भर के स्कूली सचिवों के साथ बैठक में भी इसके अमल के सख्त निर्देश दिए हैं।
तीन चरण में प्रशिक्षण
पहला चरण : ये 24 घंटे का होगा, जो ज्ञान और शिक्षण अभ्यास पर आधारित होगा। इनमें बच्चों को खेल-खेल व कहानी की शैली में पढ़ाने, एआइ और डिजिटल टूल्स के इस्तेमाल की जानकारी दी जाएगी।
दूसरा चरण: ये 14 घंटे का होगा, जो प्रोफेशनल्स डेवलपमेंट पर आधारित होगा। इसमें तनाव प्रबंधन व बच्चों की रुचि को पहचानना व करियर काउंसलिंग की सीख दी जाएगी।
तीसरा चरण: ये 12 घंटे का होगा। इसमें बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य, साइबर सुरक्षा और इंटरनेट के सुरक्षित इस्तेमाल के साथ दिव्यांग व हर वर्ग के बच्चों को साथ लेकर चलना, लैंगिंग संवेदनशीलता की जानकारी दी जाएगी।
No comments:
Write comments