रामनवमी पर आज व कल यूपी बोर्ड उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन रहेगा स्थगित
प्रयागराज : यूपी बोर्ड की हाई स्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षा की उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन प्रदेश के 254 केंद्रों पर चल रहा है। यह कार्य एक अप्रैल तक पूर्ण किया जाना प्रस्तावित है। यूपी बोर्ड सचिव भगवती सिंह ने रामनवमी पर्व (सार्वजनिक अवकाश) पर 26 मार्च को मूल्यांकन स्थगित करने के निर्देश 20 मार्च को दिए थे। अब शासन की ओर से 27 मार्च को भी रामनवमी का सार्वजनिक अवकाश घोषित किए जाने पर बोर्ड सचिव ने इस दिन भी मूल्यांकन स्थगित करने का निर्णय लिया है।
इस तरह अब दो दिन मूल्यांकन कार्य स्थगित रहने के बाद 28 मार्च से पुनः शुरू होगा। बुधवार को 80,462 परीक्षकों ने हाईस्कूल की 18.96 लाख तथा इंटरमीडिएट की 14.95 लाख उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया।
यूपी बोर्ड परीक्षा की कॉपियां ईद व रामनवमी के दिन नहीं जांची जाएंगी, स्थगित रहेगा उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य
यूपी बोर्ड ने शिक्षकों को राहत देते हुए ईद और रामनवमी के दिन उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन स्थगित कर दिया है। बोर्ड के सचिव ने शिक्षकों की मांग पर यह फैसला लिया है। जिन मूल्यांकन केंद्रों पर प्रतियोगी परीक्षाएं हैं, वहां परीक्षा के बाद दोपहर एक बजे से मूल्यांकन शुरू होगा।
यूपी बोर्ड सचिव ने कॉपियों के मूल्यांकन कार्य में लगे शिक्षकों को राहत दी
शिक्षकों की मांग पर यूपी बोर्ड सचिव ने जारी किया आदेश
प्रतियोगी परीक्षा वाले केंद्र पर उस दिन एक बजे से मूल्यांकन
प्रयागराज। हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के बीच कुछ प्रतियोगी परीक्षाएं होने के साथ-साथ ईद और रामनवमी पर्व भी है। कुछ मूल्यांकन केंद्रों पर मूल्यांकन के दिन प्रतियोगी परीक्षा प्रस्तावित होने से भी संकट है। इसके अलावा मूल्यांकन कार्य कर रहे कुछ परीक्षक प्रतियोगी परीक्षा में कक्ष निरीक्षक के रूप में ड्यूटी लगने से परेशान हैं।
21 व 26 मार्च को मूल्यांकन स्थगित
इन सभी मामलों में शिक्षकों व शिक्षक संगठनों की मांग पर उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) के सचिव भगवती सिंह ने ईद पर 21 मार्च को तथा रामनवमी पर 26 मार्च को मूल्यांकन स्थगित किए जाने का आदेश जारी कर दिया है।
बोर्ड सचिव ने अन्य समस्याओं का भी समाधान किया
उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य एक अप्रैल तक चलना है। इस बीच पर्वों के दिन मूल्यांकन स्थगित करने की शिक्षक संगठनों की मांग का समाधान करते हुए बोर्ड सचिव ने अन्य समस्याओं का भी समाधान कर दिया है। कहा है कि जिन मूल्यांकन केंद्रों पर उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की एपीओ परीक्षा प्रस्तावित है, उन केंद्रों पर उस दिन मूल्यांकन कार्य परीक्षा संपन्न होने के बाद दोपहर एक बजे से शुरू कराया जाएगा।
मूल्यांकन अवधि में ही वह दोनों कार्य पूर्ण हो सकेंगे
बोर्ड सचिव ने कहा कि ऐसे में जिन शिक्षकों की ड्यूटी परीक्षा में कक्ष निरीक्षक के रूप में लगी है, वह वहां से ड्यूटी पूर्ण करने के बाद मूल्यांकन केंद्र पर उपस्थित होकर काॅपियां जांचेंगे। इस तरह मूल्यांकन अवधि के समय में ही वह दोनों कार्य पूर्ण कर सकेंगे। उन्होंने सभी परीक्षकों, अंकेक्षकों, उप प्रधान परीक्षकों से शुचितापूर्ण और गुणवत्तापूर्ण मूल्यांकन सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए हैं।
No comments:
Write comments