कौशल प्रशिक्षण के 22887 मामले जिलों में लंबित, मूल्यांकन, परीक्षा परिणाम, वर्दी व रोजगार से जुड़े मामले, प्रमुख सचिव ने एक सप्ताह में निस्तारण के दिए निर्देश
लखनऊ। प्रदेश में युवाओं के कौशल प्रशिक्षण से संबंधित 22887 मामले जिलों में लंबित हैं। कहीं प्रशिक्षणार्थियों को पाठ्य सामग्री नहीं दी गई तो कहीं मूल्यांकन, परीक्षा परिणाम, वर्दी व रोजगार दिलाने से जुड़े मामले लंबित हैं। इसका असर अब कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम की प्रगति व सेवायोजन पर भी पड़ रहा है। ऐसे में विभाग ने सभी जिलों के मुख्य विकास अधिकारियों (सीडीओ) को मामलों के जल्द निस्तारण के निर्देश दिए हैं।
उप्र कौशल विकास मिशन की ओर से जिलों में चलाए जा रहे कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रमों की गुणवत्ता व प्रगति जांचने का कार्य सीडीओ को करना होता है। ताकि प्रशिक्षण की गुणवत्ता में सुधार हो सके। व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास व उद्यमशीलता विभाग के प्रमुख सचिव डॉ. हरिओम ने सभी सीडीओ को पत्र भेजकर लंबित प्रकरणों को जल्द से जल्द निस्तारित करने के निर्देश दिए हैं। ताकि प्रशिक्षणार्थियों को किसी भी तरह की कठिनाई का सामना न करना पड़े।
अधिक से अधिक युवा कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम का लाभ उठा सकें और वह बेहतर ढंग से रोजगार व स्वरोजगार से जुड़ सकें। सभी जिलों में अभियान चलाकर ऐसे मामलों को निस्तारित किए जाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा है कि विभाग द्वारा प्रशिक्षण कार्यक्रमों का जिला स्तर पर लगातार अनुश्रवण व निरीक्षण किया जाता है। सीडीओ द्वारा इसमें किए जा रहे प्रयासों का असर भी दिख रहा है। ऐसे में इन क्षेत्रों में ध्यान देने से युवाओं को किसी तरह की कठिनाई नहीं होगी।
No comments:
Write comments