मिड डे मील की धनराशि का ब्योरा न देने पर जौनपुर के तत्कालीन बीएसए समेत पांच पर एफआईआर, सात लाख रुपये के गबन और वित्तीय अनियमितता का आरोप, कोर्ट के आदेश पर हुई कार्रवाई
जांच रिपोर्ट में भी मिली थी गड़बड़ी तत्कालीन बीएसए गोरखनाथ पटेल की सीतापुर में है तैनाती
जौनपुर। अरगूपुर कला स्थित जनता पूर्व माध्यमिक विद्यालय में मध्याह्न भोजन (मिड डे मील) की धनराशि में सात लाख रुपये के गबन और वित्तीय अनियमितता के मामले में न्यायालय के आदेश पर तत्कालीन बीएसए और बैंक शाखा प्रबंधक समेत पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। खाद्य सामग्री की खरीद से संबंधित बिल-वाउचर और बैंक खाते के लेनदेन का विवरण उपलब्ध नहीं कराने के आरोप में पुलिस ने विवेचना शुरू कर दी है। तत्कालीन बीएसए गोरखनाथ पटेल की वर्तमान तैनाती सीतापुर में है।
अरगूपुर कला निवासी नरेंद्र बहादुर सिंह ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया था कि विद्यालय में मिड डे मील के तहत खाद्य सामग्री की खरीद के बिल, चालान और बैंक खाते का विवरण मांगने पर संबंधित लोगों ने टालमटोल की। तत्कालीन जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के निर्देश के बावजूद अभिलेख उपलब्ध नहीं कराए गए। शिकायतकर्ता के अनुसार, मामले की जांच के लिए गठित समिति की रिपोर्ट में भी वित्तीय अनियमितता की पुष्टि हुई थी।
आरोप है कि 16 मार्च 2025 को इस संबंध में पूछताछ करने पर शिकायतकर्ता के साथ गाली-गलौज की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। पुलिस अधीक्षक और शिक्षा विभाग के उच्चाधिकारियों से शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने न्यायालय का रुख किया। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, जौनपुर ने प्रार्थना पत्र पर सुनवाई के बाद पुलिस को प्राथमिकी दर्ज कर विवेचना करने और सात दिन के भीतर जांच रिपोर्ट न्यायालय में प्रस्तुत करने का आदेश दिया था।
प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र कुमार यादव ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर विद्यालय में तैनात अमित कुमार सिंह, जितेंद्र बहादुर सिंह, लिपिक जयप्रकाश यादव, तत्कालीन बीएसए गोरखनाथ पटेल और यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की बीबीगंज शाखा के तत्कालीन प्रबंधक अवनीश श्रीवास्तव के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच जारी है।
No comments:
Write comments