बेसिक शिक्षकों के 46,944 पदों पर नहीं होंगी भर्तियां, यूपी सरकार का विधान सभा में दो टूक जवाब
लखनऊ: बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह ने मंगलवार को विधान सभा में बताया कि परिषदीय विद्यालयों में सहायक अध्यापकों की सीधी भर्ती के 46,944 पद रिक्त हैं। फिलहाल भर्ती के लिए सरकार की कोई योजना नहीं है।
चित्रकूट से सपा विधायक अनिल प्रधान द्वारा पूछे गए प्रश्न के जवाब में मंत्री ने बताया कि एक अप्रैल 2022 से आठ जनवरी 2026 तक 5,856 अभ्यर्थियों का चयन व नियुक्तियां सरकार ने की हैं। परिषदीय प्राथमिक विद्यालयों में सहायक अध्यापक सीधी भर्ती के 46,944 पद वर्तमान में रिक्त हैं।
विधायक ने यह भी पूछा कि क्या सरकार शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) उत्तीर्ण अभ्यर्थियों के लिए नए पदों का सृजन कर भर्ती परीक्षा कराने पर विचार करेगी? इस पर सरकार की ओर से स्पष्ट जवाब नहीं' दिया गया।
मंत्री ने यह भी कहा कि पर्याप्त संख्या में शिक्षक व शिक्षामित्र कार्यरत हैं। बेसिक शिक्षा मंत्री ने फिर दोहराया कि एक भी परिषदीय विद्यालय बंद नहीं किया गया है। शिक्षामित्रों व अनुदेशकों को सरकार पांच-पांच लाख रुपये रुपये की सीमा तक कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करा रही है। मानदेय बढ़ाने पर विचार हो रहा है। उधर टीईटी मामले में सरकार द्वारा पुनर्विचार याचिका सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन होने की जानकारी भी दी गई।
No comments:
Write comments