पहले परमवीर चक्र विजेता मेजर सोमनाथ और कारगिल हीरो कैप्टन बत्रा की कहानी पढ़ेंगे विद्यार्थी, तेनाली राम व सरोजनी नायडू भी नए पाठ्यक्रम में शामिल
NCERT की आठवीं कक्षा की अंग्रेजी की किताब में बिरसा मुंडा, आर्यभट्ट, वराहमिहिर, भास्कराचार्य और वैज्ञानिक बिभा चौधरी शामिल
नई दिल्ली। राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (एनसीईआरटी) की आठवीं कक्षा में अंग्रेजी की पुस्तक पूर्वी में अब छात्र भारत-पाकिस्तान (1947-48) युद्ध के पहले परमवीर चक्र विजेता मेजर सोमनाथ शर्मा और कारगिल हीरो परमवीर चक्र विजेता कैप्टन विक्रम बत्रा की कहानियां पढ़ेंगे।
आजादी का अमृत महोत्सव पाठ में हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के इन परमवीर चक्र विजेताओं को श्रद्धांजलि दी गई है। वर्तमान शैक्षणिक सत्र 2025-26 में आठवीं कक्षा के छात्र इसी अंग्रेजी भाषा की पूर्वी पुस्तक से पढ़ाई करेंगे। इसमें पहले परमवीर चक्र विजेता मेजर सोमनाथ शर्मा और उनकी कुमांऊँ रेजिमेंट के बारे में बताया है। लिखा है कि उन्हीं के कारण श्रीनगर और कश्मीर आज भारत में है। साइंस, प्रौद्योगिकी व गणित में प्राचीन समृद्ध इतिहास से रूबरू करवाने के लिए महान गणितज्ञ आर्यभट्ट, वराहमिहिर और भास्कराचार्य समेत देश की पहली महिला भौतिक वैज्ञानिक बिभा चौधरी को शामिल किया गया है।
पहला पाठ 14वीं शताब्दी में स्थापित, दक्षिण भारत के शक्तिशाली हिंदू साम्राज्य विजयनगर के तेलगू कवि तेनानी राम पर आधारित है। इसके अलावा भारतीय अंग्रेजी साहित्यकार व स्वतंत्रता संग्राम में गांधी जी के साथ शामिल और बांग्ला कवयित्री सरोजनी नायडू के बारे में पढ़ेंगे।
अब भारत के सात अजूबे : उत्तराखंड की फूलों की घाटी, मेघालय की लिविंग रूट ब्रिज, महाराष्ट्र की लोनार झील, लद्दाख के मैग्नेटिक हिल्स, केरल का ग्लोइंग वाटर, बंगाल का सुंदरवन जंगल, ओडिशा का चांदीपुर बीच शामिल है। मानव निर्मित अजूबों में तमिलनाडु का कल्लनई बांध, नालंदा विवि, कर्नाटक के हप्पी का विट्ठल मंदिर, स्टैच्यू ऑफ यूनिटी, भूपेन हजारिका सेतू को शामिल किया है।
No comments:
Write comments