सीएम योगी आज सहारनपुर से करेंगे स्कूल चलो अभियान का शुभारंभ, विभाग ने व्यापक प्रचार प्रसार के दिए निर्देश, आज से माध्यमिक विद्यालय भी खुल जाएंगे
लखनऊ। प्रदेश में भीषण गर्मी और तपती धूप के बाद अब मौसम का मिजाज बदलते ही स्कूलों की रौनक फिर से लौटने वाली है। गर्मी की छुट्टियों के बाद प्रदेश के माध्यमिक विद्यालय भी एक जुलाई से खुल जाएंगे। जबकि प्रदेश के प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में स्कूल चलो अभियान की शुरुआत सीएम योगी आदित्यनाथ खुद सहारनपुर में बुधवार को करेंगे। उनके साथ बेसिक राज्य शिक्षा मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह भी उपस्थित रहेंगे।
सीएम इस्माइलपुर के सीएम मॉडल कंपोजिट विद्यालय में बच्चों को किताबें, बैग व स्टेशनरी देंगे और सर्वश्रेष्ठ प्रधानाध्यापकों का सम्मान भी करेंगे। प्रदेश के परिषदीय विद्यालयों शैक्षणिक सत्र 2026-27 में स्कूल चलो अभियान को व्यापक अभियान बनाया जाएगा। ताकि शत-प्रतिशत बच्चों का नामांकन सुनिश्चित किया जा सके। यह अभियान एक से 15 जुलाई तक चलेगा। इसके साथ ही प्रदेश के सभी जिलों के प्राइवेट स्कूल भी एक जुलाई से ही खुल रहे हैं।
प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों में स्कूल चलो अभियान के दूसरे चरण के लिए 1.63 करोड़ जारी किए गए हैं। नए शैक्षिक सत्र में शत-प्रतिशत नामांकन करने के उद्देश्य से प्रदेश के सभी विकास खंडों में विशेष अभियान चलाया जाएगा। महानिदेशक स्कूल शिक्षा मोनिका रानी द्वारा जारी निर्देश में कहा गया है कि अभियान का उद्देश्य विद्यालय से छूटे हर बच्चे को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना, ड्रॉपआउट बच्चों का पुनः नामांकन कराना तथा नामांकन को व्यापक जनभागीदारी का स्वरूप देना है।
उन्होंने सभी बीएसए को निर्देश दिया है कि अभियान में ग्राम पंचायतों, नगर निकायों, विद्यालय प्रबंधन समितियों, स्वयं सहायता समूहों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा कार्यकर्ताओं, स्वयंसेवी संस्थाओं तथा जनप्रतिनिधियों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। अभियान के दौरान घर-घर संपर्क, ग्राम व वार्ड स्तर पर सर्वे, विद्यालय से बाहर बच्चों की पहचान की जाएगी।
No comments:
Write comments