फर्जी IGRS शिकायतों पर होगी सख्ती, शिकायतकर्ता का सत्यापन और साक्ष्यों की पुष्टि के बाद ही होगी कार्रवाई
प्रयागराज/लखनऊ। माध्यमिक शिक्षा परिषद, उत्तर प्रदेश के क्षेत्रीय कार्यालय प्रयागराज ने विद्यालयों के विरुद्ध की जाने वाली फर्जी IGRS शिकायतों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं। जारी पत्र के अनुसार अब किसी भी विद्यालय के विरुद्ध प्राप्त IGRS शिकायत पर कार्रवाई करने से पहले शिकायतकर्ता का सत्यापन तथा प्रस्तुत साक्ष्यों की पुष्टि सुनिश्चित की जाएगी।
यह निर्देश शासन के आदेश तथा विधान परिषद सदस्य श्री उमेश द्विवेदी द्वारा उठाए गए विषय के अनुपालन में जारी किया गया है। पत्र में कहा गया है कि केवल प्रमाणित एवं वास्तविक शिकायतों पर ही विभागीय नियमों और विनियमों के अनुरूप कार्रवाई की जाए, ताकि निराधार अथवा फर्जी शिकायतों के आधार पर विद्यालयों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
अपर सचिव, माध्यमिक शिक्षा परिषद, प्रयागराज ने अपने क्षेत्राधिकार के सभी जिला विद्यालय निरीक्षकों (DIOS) को निर्देशित किया है कि वे प्रत्येक प्रकरण का विभागीय नियमों के आलोक में परीक्षण कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।
शिक्षा विभाग के इस कदम को शिकायत निस्तारण प्रणाली को अधिक पारदर्शी, तथ्यपरक और जवाबदेह बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इससे वास्तविक शिकायतों के त्वरित निस्तारण के साथ-साथ फर्जी एवं दुर्भावनापूर्ण शिकायतों पर भी प्रभावी रोक लगने की उम्मीद है।
No comments:
Write comments