भविष्य की तकनीकों में दक्ष होंगे तकनीकी संस्थानों के शिक्षक, प्रदेश के 17 संस्थानों का चयन, AICTE की ATAL योजना के तहत शैक्षणिक सत्र 2026-27 में होंगे फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम
जनरेटिव एआइ, क्वांटम कंप्यूटिंग, साइबर आदि विषयों पर मिलेगा प्रशिक्षण
लखनऊ : नई शिक्षा नीति (एनईपी) और समय की मांग के अनुरूप तकनीकी विधा से जुड़े शिक्षकों को उभरती हुई तकनीकों में दक्ष बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (एआइसीटीई) ने अपनी एआइसीटीई ट्रेनिंग एंड लर्निंग (अटल) योजना के तहत शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए उत्तर प्रदेश के 17 उच्च शिक्षण संस्थानों का चयन फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम (एफडीपी) आयोजित करने के लिए किया है। इन संस्थानों में शिक्षकों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआइ), जेनरेटिव एआइ, लार्ज लैंग्वेज माडल (एलएलएम), साइबर सुरक्षा, क्वांटम कंप्यूटिंग, इंटरनेट आफ थिंग्स (आइओटी), डिजिटल मार्केटिंग, सर्कुलर इकोनामी, ग्रीन टेक्नोलाजी, ऊर्जा, सतत विकास और प्रोफेशनल एथिक्स जैसे नए विषयों पर आफलाइन प्रशिक्षण दिया जाएगा।
इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों का उद्देश्य शिक्षकों को नई तकनीकों से जोड़ना है ताकि वे विद्यार्थियों को उद्योगों की बदलती मांग और तकनीकी नवाचारों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दे सकें। प्रशिक्षण के बाद इन विषयों को शिक्षण और शोध में भी प्रभावी ढंग से शामिल किया जा सकेगा।
लखनऊ के नेशनल पीजी कालेज में 'व्यावसायिक शिक्षा और सामाजिक स्थिरता के लिए डिजिटल क्रांति का उपयोग' विषय पर 12 दिवसीय एडवांस आफलाइन फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम आयोजित किया जाएगा। यूनाइटेड इंस्टीट्यूट आफ मैनेजमेंट (फैकल्टी आफ अंडरग्रेजुएट स्टडीज) में सर्कुलर इकोनामी और डिजिटल ट्रांसफार्मेशन, जीएनआइओटी इंस्टीट्यूट आफ प्रोफेशनल स्टडीज, ग्रेटर ग्रेटर नोएडा में शैक्षणिक शोध एवं शोधपत्र लेखन में एआइ टूल्स के नैतिक उपयोग, बुद्धा डिग्री कालेज में डिजिटल मार्केटिंग, मुरादाबाद इंस्टीट्यूट आफ टेक्नोलाजी में डेटा आधारित बिजनेस इंटेलिजेंस और बुद्धा इंस्टीट्यूट आफ मैनेजमेंट में एआइ का भविष्य विषय पर प्रशिक्षण होगा।
इसके अलावा मंगलमय इंस्टीट्यूट आफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलाजी, ग्रेटर नोएडा में एआइ और आइओटी के दौर में साइबर सुरक्षा एवं एथिकल हैकिंग, एबीईएस इंजीनियरिंग कालेज में हाई परफार्मेंस कंप्यूटिंग, गलगोटिया कालेज आफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलाजी, ग्रेटर नोएडा में स्मार्ट सिटी के लिए उभरती आइओटी तकनीक पर बेसिक आफलाइन फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम होंगे।
No comments:
Write comments