अब अटल विद्यालयों में भी समाचार पत्र पढ़ना अनिवार्यप्रमुख सचिव श्रम एवं सेवायोजन ने जारी किया शासनादेश
कक्षा शुरू होने से पहले छात्र पढ़कर सुनाएंगे समाचार, जूनियर बनाएंगे स्क्रैपबुक
लखनऊ : छात्रों को मोबाइल से दूर करने, उनमें पढ़ने के प्रति दिलचस्पी जगाने एवं तर्क शक्ति बढ़ाने के प्रयासों को लेकर शासन ने बड़ा कदम उठाते हुए स्कूलों एवं कालेजों में समाचार पत्र का नियमित पाठन अनिवार्य किया है। पिछले दिनों पहले बेसिक और माध्यमिक शिक्षा परिषद के अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा ने इस संबंध में आदेश जारी किया था। इसी लीक पर चलते हुए अब श्रम एवं सेवायोजन विभाग के प्रमुख सचिव ने अटल आवासीय विद्यालयों के लिए समाचार पत्र पढ़ना अनिवार्य कर दिया है।
मंडल में संचालित अटल आवासीय विद्यालयों में नियमित रूप से हिंदी व अंग्रेजी समाचार पत्र दिए जाएंगे। छात्रों को प्रतिदिन समाचार पढ़ने, नए शब्द सीखने और महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। विद्यार्थियों की भाषा क्षमता, सामान्य ज्ञान और सोचने-समझने की शक्ति बेहतर होगी।
उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष व प्रमुख सचिव श्रमयोजन डा. एमके शन्मुगा सुंदरम ने आठ जनवरी को जारी आदेश में कहा है कि विद्यालयों के पुस्तकालय में हिंदी और अंग्रेजी भाषा के समाचार पत्र अनिवार्य रूप से आएंगे। समाचार पत्रों में सामान्य ज्ञान के अतिरिक्त विज्ञान, अर्थव्यवस्था, नवीन विकास एवं खेल समाचारों को पढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
कक्षा प्रारंभ होने से पहले का दस मिनट का समय समाचार पत्र के लिए रिजर्व किया जाएगा। विद्यालय के डिस्प्ले बोर्ड पर आज का विचार लिखना होगा। कक्षा 11 और 12 के छात्रों के लिए सप्ताह में एक बार संपादकीय लेख पर आधारित समाचार लेखन या ग्रुप डिस्कशन आयोजित करना होगा। विद्यार्थियों के संपादन में स्कूल की पत्रिका निकालने का निर्देश दिया गया है।
जूनियर स्तर के छात्रों के लिए विज्ञान, पर्यावरण एवं खेल जैसे विषयों पर स्क्रैपबुक तैयार करने के लिए कहा गया है। छात्रों के मानसिक विकास के लिए समाचार पत्रों में प्रकाशित सुडोकू, शब्द पहेली व क्विज प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
No comments:
Write comments